राज्य में जारी कर्फ्यू के बावजूद संक्रमण के मामले बेकाबू हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान यहां 58,924 नए केस सामने आए हैं। इसी दौरान 351 लोगों की मौत भी हुई है, जिसके बाद अब माना जा रहा है की दिल्ली की तर्ज पर मुंबई समेत पूरे राज्य में टोटल लॉकडाउन लग सकता है।

राज्य के आपदा और पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा, ‘कम्प्लीट लॉकडाउन का सबसे ज्यादा विरोध छोटे व्यापारी कर रहे थे, लेकिन अब वे खुद इसकी मांग कर रहे हैं। कुछ जिलों से भी यही मांग उठ रही है। मुख्यमंत्री जल्द ही इस पर सभी दलों से चर्चा करने वाले हैं। उसके बाद पूरे राज्य में लॉकडाउन घोषित किया जा सकता है।’ आज उद्धव कैबिनेट की एक बैठक भी है। माना जा रहा है कि इसी के बाद कोई बड़ा ऐलान संभव है।
महाराष्ट्र से रवाना हुई देश की पहली ऑक्सीजन एक्सप्रेस

ऑक्सीजन की कमी को खत्म करने के लिए सोमवार रात को कलंबोली से देश की पहली ऑक्सीजन एक्सप्रेस खाली सात टैंकर लेकर विशाखापट्टनम के लिए रवाना हुई।
ऑक्सीजन एक्सप्रेस को परिवहन मंत्री अनिल परब ने हरी झंडी दिखाई। विशाखापट्टनम से ऑक्सीजन भरकर टैंक वापस तलोजा आएंगे। यदि पहला राउंड सफल रहा, तो आने वाले दिनों में इसी तरह देश के विभिन्न हिस्सों, जैसे बेल्लारी और झारखंड के जमशेदपुर से भी ऑक्सीजन लाई जाएगी।
ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए महाराष्ट्र में बनेगा ग्रीन कॉरिडोर
महाराष्ट्र में दूसरे राज्यों से ट्रेन में आने वाली ऑक्सीजन को अलग-अलग जगहों पर पहुंचाने के लिए सरकार ग्रीन कॉरिडोर बनाएगी। ट्रांसपोर्ट मंत्री अनिल परब ने बताया कि कॉरिडोर के जरिए ग्रामीण इलाकों तक ऑक्सीजन पहुंचाई जाएगी। महाराष्ट्र में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए अभी से तैयारी की जा रही है। MSRDC ने टैंकरों को टैक्स फ्री कर दिया है।

मुंबई में सार्वजनिक जगहों पर कोरोना टेस्टिंग शुरू की गई है। कोरोना की पहली वेव में सार्वजनिक टेस्टिंग से संक्रमण को कम करने में बड़ी मदद मिली थी।
वसई का पॉजिटिव रेट 60% से अधिक
मुंबई से सटे वसई में पॉजिटिव रेट 60% से अधिक हो गया है। 30 लाख की आबादी वाले इस इलाके में कोरोना के इस हाल के बाद प्रशासन ने यहां हार्ड लॉकडाउन का मन बना लिया है। माना जा रहा है कि जल्द इसका ऐलान संभव है। रविवार को यहां 1,505 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया था, जिनमें से 908 मरीज पॉजिटिव पाए गए। यह रेट 12 अप्रैल को तो 67% हो गया था।
सोमवार को पालकमंत्री दादा साहेब भुसे ने वसई विरार का दौरा किया। उन्होंने कहा, ‘यहां के बढ़ते आंकड़े काफी चिंताजनक हैं। यहां ICU और वेंटिलेटर बेड बढ़ाए जाएंगे। दो और एम्बुलेंस भी दी जाएंगी।’ वसई विरार महानगर पालिका के पास कोरोना टेस्टिंग के लिए 21 सेंटर हैं। यहां रोज एक हजार से डेढ़ हजार टेस्टिंग की जाती है।

मुंबई में बाहर घूमने वाले वाहनों पर लगाम के लिए पुलिस का स्टीकर अभियान जारी है।
मुंबई में भी कायम है कोरोना का कहर
पाबंदी के बावजूद मुंबई भी लगातार कोरोना की चपेट में है। बीते 24 घंटे में यहां 7,381 नए केस आए हैं और इसी दौरान 58 लोगों की मौत भी हुई है। शहर में अभी 85,321 मरीजों का इलाज चल रहा है। पूरे राज्य की बात करें तो यहां अब तक 38.98 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 31.59 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 60,824 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 6.76 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
BMC ने होम क्वारैंटाइन मरीजों के लिए जारी की नई गाइडलाइन
BMC की गाइडलाइन के मुताबिक, घर में क्वारैंटाइन हुए मरीज डॉक्टर की सलाह पर ही दवाओं का प्रयोग करें। ऑक्सीजन का लेवल 95 प्रतिशत तक मेंटेन करने का प्रयास करें। यदि मरीज को फीवर है तो 100 फारनहाइट से अधिक न होने पाए। लंबे समय तक खांसी न आए इसका ध्यान रखना चाहिए। चिंता छोड़कर आठ घंटे नींद लेने की कोशिश करें। गर्म पानी का हमेशा सेवन करें और योग करें। घर में यदि कोई गंभीर बीमारी से पीड़ित हो तो उससे दूर रहें।
लक्षण के बाद खुद की कैसे करें देखरेख
- शरीर का तापमान, ब्लड प्रेशर और शुगर चेक करते रहें।
- ऑक्सीमीटर से शरीर में ऑक्सीजन का लेवल चेक करते रहें।
- गले में खराश, थकान, बदन दर्द, सर्दी, खाने में तकलीफ, सांस लेने में तकलीफ, सिर दर्द, उल्टी, डायरिया होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
- घर में हमेशा छूने वाली जगह को सैनिटाइज करते रहें।
- तीन लेयर मास्क का इस्तेमाल करें। मास्क गीला होने पर उसे 1% सोडियम हाइपोक्लोराइट से साफ करने के बाद ही फेंके।
- बार-बार साबुन से हाथ धोएं। भोजन से पहले, शौचालय के बाद साबुन से 20 सेकंड हाथ जरूर धोएं।
- जो मांसाहारी हैं, वे अंडे का सेवन करें और शाकाहारी दाल का अधिक सेवन करें।
डॉक्टर की सुविधा नहीं होने पर क्या करें
बिना लक्षणवाले मरीज
- विटामिन C 500 MG रोज दो बार, जिंक 500 MG की गोली 1 बार, विटामिन D की 60,000 IU (इंटरनेशनल यूनिट) गोली का इस्तेमाल करें।
कम लक्षणवाले मरीज
- विटामिन C 500 MG की गोली दो बार, विटामिन D की गोली, बुखार आने पर पैरासिटामॉल लें।
- होम क्वारैंटाइन में रहने वाले खासकर गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोग CBC, LFT, RET, HBA1C और फास्टिंग शुगर की जांच करा लें।
- मानसिक रूप से मजबूत होने के लिए पारिवारिक सदस्यों, मित्रों और रिश्तेदारों से वॉइस कॉल या वीडियो कॉल से बात करें।
- टीवी देखें, लैपटॉप पर गेम खेलें और किताबें पढ़ें।
- मानसिक परेशानी होने पर BMC के टोलफ्री नंबर 1800- 102- 4040 पर सम्पर्क करें।
You must be logged in to post a comment.